हरिद्वार— हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनी पर एक्शन लेते हुए रुड़की के ग्राम पूरणपुर में 105 बीघा क्षेत्रफल में तैयार की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुल्डोजर चला दिया। प्राधिकरण की कार्रवाई से निवेशकों के करोड़ों रुपए फंस गए हैं। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) लगातार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम पूरनपुर में प्रदीप कुमार द्वारा की जा रही अवैध कॉलोनी के बारे में नोटिस जारी किया गया था। लेकिन इसके बाद भी अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरणन ने कड़ा एक्शन लेते हुए अवैध कॉलोनी पर बुल्डोजर चला दिया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से विकसित की गई सड़कों, सीमांकन दीवारों और अन्य निर्माण कार्यों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध कॉलोनी या प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

