रुड़की-नवसृजन साहित्यिक संस्था द्वारा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के सम्मान में एक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व संस्कृत शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद भारद्वाज ने की तथा संचालन संस्था महासचिव किसलय क्रांतिकारी एवं कोषाध्यक्ष पंकज त्यागी ‘असीम’ ने संयुक्त रूप से किया। मंच पर मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा, विशिष्ट अतिथि के रूप में विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के उप कुलपति डॉ. श्रीगोपाल नारसन,कवि डॉ. घनश्याम ‘बादल’ एवं वरिष्ठ शायर पंकज गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माॅं सरस्वती के सामने दीप प्रज्वलित कर किया गया। कवि राम शंकर सिंह द्वारा सरस्वती वंदना की गई। डॉ आनंद भारद्वाज, श्रीगोपाल नारसन व सुरेंद्र सैनी ने मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को शाॅल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह व अभिनंदन गीत सम्मान पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। स्वागत भाषण में डॉ. आनंद भारद्वाज ने कहा कि आज हम नवसृजन साहित्यिक संस्था के सभी साहित्यकार हर्षित मन से कैबिनेट मंत्री बनने पर प्रदीप बत्रा का स्वागत करते हैं। डाॅ. भारद्वाज की कविता ‘तारीफ के मोहताज नहीं होते हैं अच्छे लोग/ फूलों को कभी इत्र लगाया नहीं जाता’ को लोगों ने काफी पसंद किया। संस्था समन्वयक सुरेंद्र कुमार सैनी द्वारा प्रदीप बत्रा के सम्मान में पढ़ी गई रचना ‘सियासत में बड़ी पहचान हैं प्रदीप बत्रा जी/ हमारे शहर की इक शान हैं प्रदीप बत्रा जी’ का लोगों ने तालियां बजाकर समर्थन किया। अपने उद्बोधन में डॉ. श्री गोपाल नारसन ने प्रदीप बत्रा से रुड़की में एक साहित्यिक भवन बनवाने व वंचित साहित्यकारों की पुस्तकें सरकार से छपवाने की मांग की ।उन्होंने अपनी रचना में कुछ यूं कहा, ‘प्रदीप उत्तराखंड के प्रकाश हो गए/ कैबिनेट मंत्री बन इतिहास रच गए’ । पंकज गर्ग के गीत ‘तुम्हारी सादगी अच्छी लगी भाया है भोलापन/ शरारत भी करो तुम तो छलक जाता है भोलापन’ को सराहना मिली। घनश्याम बादल की रचना ‘मिले हैं पंख तो अब उड़ान भर परिंदे/आसमान देख ज़मीं का ध्यान धर परिंदे’ का स्वागत किया गया। कैबिनेट मंत्री परिवहन प्रदीप बत्रा ने नवसृजन साहित्यिक संस्था द्वारा किए जा रहे साहित्यिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस संस्था के प्रति उनके मन में बड़ा स्नेह है और वह अक्सर इसके कार्यक्रमों में शामिल होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वे 19 मार्च की शाम इस संस्था के एक कार्यक्रम में थे और 20 मार्च को ही सुबह उन्हें मंत्री पद की शपथ हो गई। उन्होंने नव सृजन साहित्यिक संस्था को 51 हजार रुपए देने की घोषणा की । मंत्री बत्रा ने कहा कि वह रुड़की में एक साहित्यिक भवन , एक साइंस सिटी बनवाएंगे। साथ ही सालियर में एक अंतर राज्य बस अड्डा स्वीकृत किये जाने की बात कही। उन्होंने शीघ्र ही रुड़की में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 20 सिटी बसें चलाई जाने का भी एलान किया। इस अवसर पर नवीन शरण निश्चल,सौ सिंह सैनी,अनुपमा शर्मा, अनुपमा गुप्ता, कृष्ण सुकुमार,अल्का घनशाला,मुकेश वशिष्ठ, अरविंद भारद्वाज ,अनिल वर्मा अमरोहवी एवं कर्नल पुरी आदि ने भी कविता पाठ किया।

