हरिद्वार –हरिद्वार बस अड्डे को जगजीतपुर शिफ्ट किए जाने को लेकर मेला अफसरों ने तैयारियां शुरु कर दी है। इस संबंध में मेलाधिकारी सोनिका द्वारा निर्देशित प्रस्तावित बस स्टेशन के लिए परिवहन विभाग का एक पत्र भी सामने आया है। जिसके बाद कार्य में तेजी लाई जा रही है। उधर, हरिद्वार लक्सर मार्ग को दुरुस्त करने और रिंग रोड से जोडने के लिए बाईपास निर्माण हेतु पंद्रह करोड़ का बजट भी पास हो गया है। शुक्रवार को मुख्य सचिव सहित अन्य तमाम अधिकारी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्दनेजर हरिद्वार में निरीक्षण करेंगे और बेठक कर सभी की राय जानेंगे।
शिफ्ट होगा बस स्टेशन
कुंभ मेला के तहत हरिद्वार बस स्टेशन को जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज के पास ले जाने का प्रस्ताव भी शामिल हैं। इसके लिए मेलाधिकारी ने परिवहन विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग को जगजीतपुर में जमीन की पैमाइश कर निर्माण का आंकलन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके बाद अधिकारियों ने अपने काम में तेजी ला दी है। उधर, जगजीतपुर आईएसबीटी को रिंग रोड से जोड़ने और लक्सर हाईवे का विकास करने के लिए भी पंद्रह करोड़ रुपए का बजट मिल गया है। इससे लक्सर, खानपुर और हरिद्वार को सीधे रिंग रोड से जोड़ने में भी मदद मिलेगी और इससे राह आसान हो जाएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता विकास तिवारी ने बताया कि हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के प्रयासों से हरिद्वार लक्सर मार्ग के विकास के लिए बजट स्वीकृत हुआ है। रिंग रोड से जुड़कर इस मार्ग पर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं से निजात मिल जाएगी।
कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
बस अड्डा शिफ्ट होने के प्रस्ताव के बाद कांग्रेस ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन भी किया है। कांग्रेस नेता अशोक शर्मा की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि जगजीतपुर में बस स्टेशन को शिफ्ट किए जाने का विरोध किया जाएगा। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं मेला प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों का गुस्सा ये कहते हुए शांत कर दिया कि अस्थायी तौर पर बस अड्डा वहां शिफ्ट किया जाएगा।

