
हरिद्वार… 15 नवंबर 2026
छठ पूजा के अवसर पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने छठ व्रतधारी श्रद्धालुओं से की भेंट, लिया मां गंगा का आशीर्वाद
हरिद्वार। छठ महापर्व के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मोतिहारी लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री राधा मोहन सिंह ने हरिद्वार में छठ पूजा के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर छठ व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों से भेंट की तथा उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उनके साथ हरिद्वार की महापौर श्रीमती किरण जैसल एवं भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री विकास तिवारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम श्री राधा मोहन सिंह गोविंद घाट पहुंचे, जहां उन्होंने छठ व्रतधारी श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात उन्होंने विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए तथा श्रद्धालुओं से भेंट की। इसके बाद सप्तसरोवर घाट पहुंचकर छठ पूजा में शामिल व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों से मुलाकात कर उनकी आस्था और श्रद्धा को नमन किया।
इस दौरान श्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें सूर्य उपासना, अनुशासन, स्वच्छता और परिवार एवं समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। छठी मैया एवं भगवान सूर्य की उपासना के माध्यम से देश और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाती है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार धर्म और आस्था की नगरी है, जहां सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति हरिद्वार की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को दर्शाती है।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हरिद्वार में छठ पूजा के अवसर पर विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति भाव हमारी सांस्कृतिक एकता एवं धार्मिक परंपराओं की मजबूती का परिचायक है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने छठी मैया से परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा चंद्रकांत पांडे अजीत कुमार उज्ज्वल पंडित आकाश भाटी आदि उपस्थित रहे

