Header Ad

आर्य समाज भेल हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव पर त्रिदिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ एवं 31 कुण्डीय महायज्ञ की दिव्य पूर्णाहुति

आर्य समाज बीएचईएल सेक्टर, हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव

🌸पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने यज्ञ, वैदिक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रनिर्माण का दिया दिव्य संदेश
🔥यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण
🙏🏿स्वामी चिदानन्द सरस्वती


हरिद्वार, 15 नवम्बर। आर्य समाज बीएचईएल सेक्टर, हरिद्वार के 62वें वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित त्रिदिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ एवं 31 कुण्डीय महायज्ञ का भव्य एवं दिव्य समापन वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ की पवित्र आहुतियों तथा आध्यात्मिक वातावरण के मध्य सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी समापन दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से आमंत्रित हुए। उनके पावन सान्निध्य एवं प्रेरणादायी उद्बोधन ने आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा, वैदिक चेतना और राष्ट्रहित के संदेश से अभिसिंचित किया।

इस दिव्य अवसर पर प्रो. विनय विद्यालंकार जी, सचिव, उत्तराखंड संस्कृत संस्थान, उत्तराखंड सरकार, आचार्य डॉ. श्री रामकृष्ण शास्त्री जी, श्री ओपी बत्रा जी, डॉ. बलवीर तलवार जी, श्री मदन सिंह जी, श्री राकेश गुप्ता जी, श्री सूर्य प्रकाश जी, श्रीमती शिखा चैहान जी, श्रीमती आदर्श भट्ट जी सहित अनेक गणमान्य विभूतियों, विद्वानों, श्रद्धालुओं एवं आर्य समाज के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का प्राण है, यज्ञ केवल अग्नि में आहुति देने की परंपरा नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, स्वार्थ, नकारात्मकता और विकारों को समर्पित कर जीवन को पवित्र बनाने की साधना है। यज्ञ हमें त्याग, सेवा, समर्पण, सह-अस्तित्व और लोकमंगल का संदेश देता है। यज्ञ की प्रत्येक आहुति हमें यह स्मरण कराती है कि हमारा जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समस्त समाज, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के कल्याण के लिए होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सामवेद भारतीय वैदिक परंपरा का वह दिव्य स्वर है, जिसमें मंत्र, संगीत, साधना और चेतना का अद्भुत समन्वय है। सामवेद के मंत्र केवल श्रवण करने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में उतारने के लिए हैं। वे हमारे भीतर सद्भाव, शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक जागरण का संचार करते हैं। वैदिक मंत्रों की ऊर्जा मनुष्य को अपने मूल स्वरूप से जोड़ती है और जीवन को उच्च आदर्शों की दिशा प्रदान करती है।

पूज्य स्वामी जी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि यज्ञ की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारा जीवन भी पर्यावरण के प्रति समर्पित यज्ञ बन जाए। धरती हमारी माता है, नदियाँ हमारी जीवनधारा हैं, वृक्ष हमारे प्राणों के रक्षक हैं और वायु हमारे अस्तित्व का आधार है। आज आवश्यकता है कि हम यज्ञ की पवित्र भावना को अपने व्यवहार में उतारें, वृक्षारोपण करें, जल संरक्षण करें, स्वच्छता अपनाएँ तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।

पूज्य स्वामी जी ने कहा कि आर्य समाज ने सदैव वैदिक ज्ञान, सामाजिक जागरण, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रचेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महर्षि दयानन्द सरस्वती जी के विचार आज भी समाज को सत्य, विवेक, समानता, नैतिकता और जागरण की दिशा प्रदान करते हैं। आर्य समाज की 62 वर्षों की यह गौरवपूर्ण यात्रा केवल एक संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि वैदिक आदर्शों के माध्यम से समाज को जागृत करने और राष्ट्र को सशक्त बनाने की सतत साधना है।

उन्होंने कहा कि यज्ञ की अग्नि से राष्ट्र में ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित हो, वैदिक मंत्रों से समाज में सद्भाव का संचार हो और सेवा की भावना से प्रत्येक हृदय प्रकाशित हो। भारत की आध्यात्मिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है। इसे सुरक्षित रखना, नई पीढ़ी तक पहुँचाना और जीवन में आत्मसात करना हम सभी का दायित्व है।
त्रिदिवसीय सामवेद पारायण यज्ञ एवं 31 कुण्डीय महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ समस्त विश्व के कल्याण, शांति, समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।

62वें वार्षिकोत्सव की यह दिव्य पूर्णाहुति वैदिक संस्कृति के संरक्षण, आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी संदेश लेकर सम्पन्न हुई।

administrator

Related Articles

Call Now Button