Header Ad

पार्क प्रशासन ने रोकी चामुंडा देवी कलश यात्रा

कलश यात्रा रोके जाने पर बनी टकराव की स्थिति

राजाजी नेशनल पार्क में मानवीय गतिविधियां प्रतिबंधित —पार्क प्रशासन

हरिद्वार, 22सितम्बर। श्री चामुंडा देवी उत्थान समिति रजिस्टर्ड हरिद्वार के तत्वाधान में कलश यात्रा लेकर चामुंडा देवी मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को वन विभाग की टीम ने बिल्केश्वर मंदिर के पीछे के गेट से आगे जाने से रोक दिया। रोके जाने पर कलश यात्रा लेकर जा रहे श्रद्धालुओं ने विरोध कियाl

प्रथम नवरात्र पर प्राचीन मां चामुुंडा देवी उत्थान समिति ने हरकी पैड़ी से चामुंडा देवी मंदिर तक कलश यात्रा निकालने की घोषणा की थी। हरकी पैड़ी से शुरू हुई कलश यात्रा अपर रोड़, पोस्ट ऑफिस, बाल्मीकि चौक होते हुए बिल्केश्वर मंदिर पहुंची। जहां पहले से ही तैनात वन विभाग की टीम ने यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर मां चामुंडा देवी उत्थान समिति के पदाधिकारियों व कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने नारेबाजी करते हुए रोके जाने का विरोध किया।

वन विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमों का हवाला देते हुए समझाने पर श्रद्धालु कलश को बिल्केश्वर मंदिर में स्थापित कर वापस लौट गए। प्राचीन चामुंडा देवी उत्थान समिति के सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं को प्राचीन चामुंडा देवी मंदिर जाने से रोक दिया जाता है। इस वर्ष भी समिति की और मंदिर जाने के लिए अनुमति की मांग की गयी थी। लेकिन पार्क प्रशासन ने श्रद्धालुओं को रोक दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर में कलश स्थापना के प्रयास जारी रहेंगे। संदीप नाथ ने बताया कि चामुंडा देवी मंदिर में कलश स्थापना हिंदू समाज की भावनाओं से जुड़ा हुआ मुद्दा है।

राजाजी पार्क व और वन क्षेत्र में स्थित अन्य मंदिरों में जब पूजा अर्चना की अनुमति है तो वन विभाग को श्रद्धालुओं को चामुंडा देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने की अनुमति के लिए भी रास्ता निकालना चाहिए। वन विभाग डिप्टी रेंजर जीपी बहुगुणा ने बताया कि यह क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है। सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी की गाइडलाईन में वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की मानवीय गतिविधियों को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। वन क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं होने के चलते कलश यात्रा को रोका गया है। कलश यात्रा में समिति के अध्यक्ष पंडित दिनेश शर्मा योगी, पंडित सुनील शर्मा, संदीप नाथ, राहुल जाटव, विपुल, प्रकाश जाटव, जय नाथ, सेंटी, हिमांशु गिरी, हर्ष शर्मा, पांडे जी कनखल से, विष्णु कश्यप, सनी जाटव, गौरव शर्मा, लाल बाबू, पंडित हेमंत पन्त, नवीन शर्मा तोताराम, आदि अन्य लोग उपस्थित थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button