बरेली।
नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में बानखाना वार्ड से समाजवादी पार्टी के पार्षद शमीम अहमद के निर्विरोध निर्वाचित होने पर सपा कार्यालय में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का निर्वाचन निर्विरोध हुआ, जिसमें शमीम अहमद का चयन समाजवादी पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि शमीम अहमद नगर निगम में जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
समाजवादी पार्टी के महानगर महासचिव दीपक शर्मा ने कहा,
“नगर निगम कार्यकारिणी में समाजवादी पार्टी का मजबूत प्रतिनिधित्व शहर की जनता के हितों की प्रभावी पैरवी करेगा। सड़क, सफाई, पेयजल, जलभराव और अन्य नागरिक समस्याओं को पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा। समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों और विकास की राजनीति करती रही है। हमें विश्वास है कि शमीम अहमद अपने दायित्व का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते हुए बरेली के विकास को नई गति देंगे।”
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य शमीम अहमद ने पार्टी नेतृत्व, पार्षदों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और नगर निगम में शहर के विकास तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

