हरिद्वार–
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UKSLSA) के निर्देशों के अनुपालन में एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त के कुशल मार्गदर्शन में आज जिला कारागार रोशनाबाद का मासिक संयुक्त निरीक्षण किया गया।
इस निरीक्षण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर, किशोर न्याय बोर्ड (JJB) की प्रधान मजिस्ट्रेट कंचन चौधरी, बाल कल्याण समिति (CWC) की सदस्य सुनीता चौधरी, काउंसलर डॉ. कमल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से सीधा संवाद स्थापित किया। सचिव सिमरनजीत कौर ने बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बंदियों की समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। निरीक्षण टीम ने कारागार में स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बंदियों को समय पर न्याय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।

