Header Ad

कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने शुरू की तैयारियां: मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित

कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने शुरू की तैयारियां: मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित

कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से संपादित करने के साथ ही कांवड़ के दौरान यातायात प्रबंधन व सुरक्षा उपायों को लेकर विचार-विमर्श कर तय की गई रणनीति

मेलाधिकारी द्वारा निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के साथ ही कांवड़ के दौरान निर्माण कार्यों को लेकर विशेष एहतियात बरतने के निर्देश

हरिद्वार, 28 अप्रैल 2026

आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सीसीआर सभागार में कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ के दौरान यातायात प्रबंधन व सुरक्षा उपायों को लेकर विचार-विमर्श करने के साथ ही कुंभ मेला से जुड़े निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से संपादित करने की रणनीति भी तय की गई। बैठक में तय किया गया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र में पड़ने वाले कुंभ से संबंधित जो निर्माण कार्य जल्दी पूरा हो सकते हैं, उन्हें हर हाल में 30 जून तक पूरा करा लिया जाए और बाकी कार्यों को जारी रखने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर इस तरह का नियोजन किया जाए कि उससे कांवड़ यात्रा में बाधा उत्पन्न न हो और कांवड़ियों की सुरक्षा भी प्रभावित न हो।

मेला नियंत्रण भवन में आयोजित उक्त बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने निर्देश दिए कि कांवड़ मेले को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने हेतु शहर क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर, गुणवत्ता के साथ, मेला प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण करने का पूरा प्रयास किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जो कार्य मेला शुरू होने से पहले पूर्ण होना संभव नहीं है, उनके लिए ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए जिससे कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे तथा यातायात बाधित न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्यों के कारण किसी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने घाटों एवं पुलों पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा हेतु विशेष प्रबंध करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन सभी निर्माणाधीन सड़कों के कार्य दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बहादराबाद क्षेत्र में यातायात बाधित कर रहे विद्युत पोल को आज ही हटाया जाए तथा ज्वालापुर क्षेत्र में भी ऐसे पोलों को प्राथमिकता के आधार पर हटाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शहर में संचालित सभी सीवरेज कार्य 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उनकी परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए तथा अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जाए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी आवश्यक कार्य कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में निर्माण सामग्री सड़क किनारे न रखी जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। उन्होंने सड़क किनारे एवं निर्माण स्थलों के निकट पड़े मलबे व अन्य सामग्री को हटाने और गड्ढों को शीघ्रता से दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, एसपी (क्राइम) निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी विपिन कुमार, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now Button