’
ऋषिकेश, 30 दिसम्बर। परमार्थ निकेतन आश्रम की विश्वविख्यात दिव्य गंगा आरती के पावन अवसर पर भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रतिभाशाली संतूर वादक श्री सुद्दाशील जी एवं सुप्रसिद्ध तबला वादक श्री नीलिमेश चक्रवर्ती जी ने अपनी अनुपम प्रस्तुति से वातावरण को अध्यात्म, शांति और भाव-समाधि से भर दिया। माँ गंगा के तट पर हिमालय की गोद में सजी इस संध्या ने संगीत, साधना और सेवा का एक अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।
संतूर की मधुर, कोमल और आत्मस्पर्शी ध्वनियों के साथ जब श्रीसुद्दाशील जी एवं सुप्रसिद्ध तबला वादक श्री नीलिमेश चक्रवर्ती जी ने रागों की भावधारा प्रवाहित की, तो गंगा आरती में उपस्थित देश-विदेश से आए श्रद्धालु, साधक और पर्यटक मंत्रमुग्ध हो उठे। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं माँ गंगा की लहरें भी संतूर की नाद-ध्वनि पर थिरक रही हों।
इस विशेष अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी ने सुद्दाशील जी एवं सुप्रसिद्ध तबला वादक श्री नीलिमेश चक्रवर्ती जी को रूद्राक्ष का पौधा भेंट कर अभिनन्दन करते हुये कहा कि “संगीत केवल मनोरंजन नहीं, यह आत्मा की साधना है। जब संगीत साधना बन जाता है, तब वह हृदय को शुद्ध करता है, मन को शांत करता है और आत्मा को परमात्मा से जोड़ता है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत हमारी सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी साधना, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ती है। हमारी युवा पीढ़ी भी परंपरा और नवाचार के संतुलन के साथ इस अमूल्य विरासत को विश्व-पटल तक पहुँचा रही है।
गंगा आरती के पावन क्षणों में श्री सुद्दाशीलजी की संतूर वादन शैली में मैहर, सेनिया घराने की परंपरा, हिंदुस्तानी गायकी अंग और सौंदर्यबोध का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। उनके वादन में न केवल तकनीकी प्रखरता थी, बल्कि एक गहरी आध्यात्मिक अनुभूति भी झलक रही थी, जिसने श्रोताओं को अंतर्मुखी कर दिया। परमार्थ निकेतन, गंगा आरती के साथ संतूर की नाद-ध्वनि ने भारतीय संस्कृति की आत्मा से जोड़ दिया।
पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी ने कहा कि परमार्थ निकेतन सदैव कला, संस्कृति और चेतना को एक मंच प्रदान करता आया है। “योग, ध्यान, गंगा आरती और शास्त्रीय संगीत, ये सभी मानवता को जोड़ने वाले सेतु हैं। जब संगीत गंगा के तट पर गूंजता है, तो वह केवल भारत की नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व की चेतना को स्पर्श करता है।”
श्री सुद्दाशील जी पद्मविभूषण पं. शिवकुमार शर्मा जी के शिष्य हैं और उन्होंने संतूर को एक नई संवेदनशीलता और गहराई प्रदान की है। उनकी यह प्रस्तुति न केवल एक संगीत कार्यक्रम थी, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव बन गई।
पूज्य स्वामी जी ने सुद्दाशीलजी एवं सुप्रसिद्ध तबला वादक श्री नीलिमेश चक्रवर्ती जी को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे कलाकार ही भारत की सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत रखते हैं।

