गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर, सड़क निर्माण की सतह की मौके पर खुदाई कर कराई गुणवत्ता जांच
हरिद्वार, 14 सितंबर 2026
आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत मेला प्रशासन द्वारा उत्तर हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने सोमवार को अधिकारियों की टीम के साथ पंतद्वीप क्षेत्र में यूआईआईडीबी के माध्यम से यूपीडीसीसी द्वारा संचालित उत्तर हरकी पैड़ी विकास परियोजना के अंतर्गत चल रहे सड़क, घाट, टॉयलेट ब्लॉक एवं समतलीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अपर मेलाधिकारी ने सड़क के लिए बिछाई गई सतह की मौके पर ही खुदाई करवाकर उसकी विभिन्न परतों एवं प्रयुक्त सामग्री की जांच कराई। सतह निर्माण में प्रयुक्त जीएसबी में प्रथम दृष्टया मिट्टी की मात्रा अधिक पाए जाने पर उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य दोबारा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य पर होने वाला अतिरिक्त व्यय संबंधित ठेकेदार द्वारा वहन किया जाएगा।
उन्होंने तृतीय पक्ष निरीक्षण (टीपीआई) के लिए नियुक्त एजेंसी को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप गंभीरता से गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित तृतीय पक्ष निरीक्षण एजेंसी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
अपर मेलाधिकारी ने यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं विशिष्टियों के अनुरूप ही सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने निर्माणाधीन टॉयलेट ब्लॉक के दायरे में आ रही पाइपलाइन को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने के निर्देश दिए। घाट मरम्मत कार्य में टाइल्स को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप सही ढंग से लगाने तथा रेलिंग को मजबूती एवं गुणवत्ता के साथ स्थापित करने के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी ने कहा कि उत्तर हरकी पैड़ी क्षेत्र कुंभ मेले के दौरान महत्वपूर्ण शिविरों एवं विभिन्न गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहेगा। ऐसे में यहां चल रहे सभी कार्य निर्धारित समय से पूर्ण होना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा।
यूआईआईडीबी के माध्यम से संचालित उत्तर हरकी पैड़ी विकास परियोजना का निर्माण कार्य यूपीडीसीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत घाटों का पुनरोद्धार, भीड़ प्रबंधन क्षेत्र, वेंडिंग जोन, वॉकवे, सीवेज एवं ड्रेनेज सिस्टम, विद्युत कार्य तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक जनसुविधाओं का विकास किया जाना प्रस्तावित है। परियोजना में पंतद्वीप, चमगादड़ टापू सहित आसपास के घाट भी शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार, विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

